जल निगम की लापरवाही से सड़कें हुईं बदहाल
सिकन्द्राराऊ। हर घर जल योजना के तहत जल निगम की पाइपलाइन परियोजना के बाद कस्बा की सड़कें बदहाल हो गई है। जिसका खामियाजा अब लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लगातार हुई बरसात से सड़के धंसने लगी हैं। सड़को के धंसने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है।। कस्बा के पंत चौराहे से आज दोपहर 12 बजे करीब एक ट्रैक्टर ट्रॉली में ईंटे लादकर पंत चौराहे से पुरानी तहसील रोड पर जा रहा था। ट्रैक्टर जैसे ही पांचवें रोड की ओर मुड़ा, सड़क अचानक धंस गई और टॉली का एक पहिया गड्ढे में समा गया। इस दौरान वहां बैठे एक मोची की जान बाल -बाल बच गई। ट्रॉली में लदी ईंटें नीचे गिरने लगीं। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।। कस्बा में लगातार हुई बरसात के बाद कई सड़कें धंस चुकी हैं। जगह-जगह गहरे गड्ढे, दरारें और बैठी हुई इंटरलॉकिंग सड़कें लोगों के लिए खतरा बनी हुई हैं।

तहसील परिसर की इंटरलॉकिंग सड़क भी पूरी तरह धंसकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। वहीं मौहल्ला नौरंगाबाद में विधायक निधि से तैयार हुई इंटरलॉकिंग सड़क भी पूरी तरह धंसकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। अभी सड़क का लोकार्पण भी नहीं हुआ है। पुरानी सब्जी मंडी रोड पर भी सड़क धस गई है और अब सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए है। जिससे लोगो को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निगम और संबंधित ठेकेदारों ने सड़को की मरम्मत कराकर केवल खानापूर्ति की है।
कुछ स्थानों पर मिट्टी डालकर औपचारिकता पूरी कर दी गई, लेकिन स्थायी मरम्मत अब तक शुरू नहीं हुई। बरसात का पानी सड़कों के नीचे पहुंचने से वे अंदर से खोखली होती जा रही हैं । जिससे आगे और अधिक धंसने की आशंका बनी हुई है । लोगों का कहना है कि अगर समय रहते प्रभावी कार्यवाही नहीं हुई, तो अगली बार कोई बड़ा हादसा टल नहीं पाएगा। लोगों ने जिलाधिकारी से समस्या का समाधान करने की मांग की है।










