हाथरस। इनरव्हील क्लब ऑफ हाथरस रॉयल (डिस्ट्रिक्ट 311) द्वारा प्रस्तावित सामाजिक कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनवाड़ी अपनाएं प्रोजेक्ट का सफल क्रियान्वयन संविलियन विद्यालय, लहरा (मुरसान) स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब की सदस्यों ने आंगनवाड़ी केंद्र के 28 बच्चों को उनकी आवश्यकतानुसार शैक्षणिक एवं उपयोगी सामग्री वितरित की। साथ ही बच्चों को स्वच्छता, स्वास्थ्य, नियमित शिक्षा एवं अच्छे संस्कारों के प्रति जागरूक किया गया। क्लब की सदस्यों ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से भी संवाद कर बच्चों के सर्वांगीण विकास में उनके योगदान की सराहना की तथा बच्चों की जरूरतों के अनुरूप यथासंभव मदद देने की वचनबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष दीप्ति बूटिया ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
वहीं सचिव डॉ. लक्ष्मी अरोरा ने बताया कि क्लब भविष्य में भी समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए इसी प्रकार के सेवा कार्य निरंतर करता रहेगा।कार्यक्रम में क्लब की निवर्तमान अध्यक्ष राधा गावर के साथ पूजा सिंह, दीप्ति अग्रवाल, अंजू दीपक एवं लीना अग्रवाल आदि सदस्य उपस्थित थीं। सभी ने मिलकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।









