
हाथरस- 27 जून। अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दून पब्लिक स्कूल में विद्यालय के प्रधानाचार्य जे. के. अग्रवाल के प्रेरक नेतृत्व में भव्य योगाभ्यास एवं ध्यानसत्र का आयोजन किया गया। शांति से सांस लें, तनाव को दूर करें और योग के साथ जीवन का उत्सव मनायें की भावना के साथ आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों तथा विद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।।
इस अवसर पर प्रातः 6:30 बजे से 8:30 बजे तक आयोजित इस विशेष योग सत्र का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षक रॉबिन वार्ष्णेय द्वारा किया गया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को योग के महत्व से अवगत कराते हुए विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं श्वास तकनीकों का अभ्यास कराया। प्रशिक्षक ने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का भी विकास करता है।।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति तथा ध्यान की विभिन्न विधियों का अभ्यास किया। पूरे वातावरण में अनुशासन, शांति और सकारात्मकता का अद्भुत संगम दिखाई दिया।इस अवसर पर विद्यालय द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक विशेष सेवा अभियान भी संचालित किया गया।। विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने नगला भुस स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां निवासरत वरिष्ठ नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया। योग सत्र के पश्चात वृद्धजनों को आम, केले एवं फ्रूटी का वितरण किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा प्रदर्शित इस संवेदनशील पहल ने सभी लोगों के हृदय को भावविभोर कर दिया।।
इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्य ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो आज संपूर्ण विश्व को स्वस्थ और संतुलित जीवन का मार्ग दिखा रही है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने की एक जीवनशैली है। विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए ताकि वे शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और नैतिक रूप से जागरूक नागरिक बन सकें।।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन को स्वास्थ्य, सेवा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता का अनुपम संगम बताते हुए इसकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
योग, ध्यान एवं सेवा भावना से ओत-प्रोत यह आयोजन दून पब्लिक स्कूल की शिक्षा के साथ संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण बन गया। विद्यालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सभी लोगों के लिए प्रेरणा एवं उत्साह का स्रोत रहा।












