

हाथरस- 27 जून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रस्तावित दौरा कल 28 जून को होगा। मुख्यमंत्री लगभग 548 करोड़ रुपये की 147 विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे । मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने जहॉ तैयारियों को अंतिम रूप दिया है। वहीं इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष, सांसद, विधायक आदि द्वारा भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारी का जायजा लिया गया है।।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल 28 जून को सुबह 10 बजे सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया में आयोजित जनसभा को संबोधित करने के साथ-साथ लगभग 548 करोड़ रुपये की 147 विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे । जिनमें 299 करोड़ के 55 लोकार्पण और 248 करोड़ के 88 शिलान्यास शामिल हैं। बतादें लखनऊ में हुए एक बड़े अग्निकांड की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। जानकारी के अनुसार गत 22 जून को अलीगढ़ में आयोजित एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री को इस घटना की जानकारी मिली थी, जिसके बाद वे तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो गए थे।। जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के कल 28 जून के दौरे का विस्तृत ‘मिनट-टू-मिनट’ कार्यक्रम मिलने के बाद प्रशासन द्वारा तैयारी को अंतिम रूप दिया गया है। मुख्यमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रमों के साथ सलेमपुर पर जनसभा को भी संबोधित करेंग। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रस्तावित मंच व्यवस्था, हेलीपैड, वीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, वाहन पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकासी द्वार, बैरिकेडिंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा सौंपे गए कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी इंतजाम सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कल 28 जून को हाथरस आगमन को लेकर आज जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, सांसद अनूप प्रधान, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंद्राराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, सांसद प्रतिनिधि ठाकुर राजेश सिंह गुड्डू व अन्य भाजपा नेताओं, पदाधिकारी द्वारा कार्यक्रम स्थल सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और अधिकारियों से कार्यक्रम को लेकर आवश्यक मंत्रणा व कमियों को दूर करने हेतु कहा गया और तैयारियों को लगभग पूर्ण कर लिया गया है।









