ट्रैक्टर के डिवाइडर पर चढ़ने से मची अफरा तफरी

सिकंदराराऊ। कस्बा के जी टी रोड स्थित नई सब्जी मंडी के सामने उस समय अफरा तफरी मच गई। जब सड़क किनारे खड़ा ट्रैक्टर स्वतः ही स्टार्ट हो गया और ट्रैक्टर डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी लेन में जा पहुंचा। गनीमत रही कि इस दौरान सड़क पर कोई वाहन या पैदल यात्री नहीं था। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
बताया जाता है कि गुरुवार की रात्रि 9 बजे करीब दो ट्रैक्टर कासगंज रोड स्थित एक दूध डेयरी से कार्य समाप्त कर कोतवाली क्षेत्र के गांव भुर्रका जा रहे थे। दोनों ट्रैक्टर चालकों ने ट्रैक्टरों को नई सब्जी मंडी के सामने सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इस दौरान एक ट्रैक्टर अचानक अपने आप ही स्टार्ट हो गया और डिवाइडर पर चढ़ गया। ट्रैक्टर डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी लेन में जा पहुंचा। जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई । अचानक हुई इस घटना से चालक भी हैरान रह गया। वह कुछ पल के लिए समझ नहीं पाया कि आखिर बंद खड़ा ट्रैक्टर अचानक कैसे स्टार्ट होकर चलने लगा। गनीमत यह रही कि इस दौरान दूसरी लेन से कोई वाहन या बाइक सवार नहीं गुजर रहा था । जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया । चालक ने मामले की सूचना पुलिस को दी और जेसीबी को मौके पर बुलाया गया। जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को डिवाइडर के बीच से बाहर निकाला गया ।








