सिकंदराराऊ। कस्बा एवं ग्रामीण क्षेत्र में बुधवार को गंगा दशहरा का पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। पर्व के चलते हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर पहुंचकर गंगा स्नान किया और गंगा मैया की श्रद्धा भाव से पूजा अर्चना की। इस पावन पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं ने कस्बा एवं ग्रामीण अंचल में जगह -जगह शिविर लगाकर मीठा शीतल शरबत वितरित कर पुण्य लाभ कमाया। भीषण गर्मी में शीतल मीठा शरबत पीकर लोगों ने अपने कंठ को तर किया। शीतल मीठा शरबत पीने के बाद लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली । गंगा दशहरा , जिसे गंगावतरण के नाम से भी जाना जाता है। ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की दशमी के दिन गंगा माता का पृथ्वी पर अवतरण हुआ था। गंगा दशहरा गंगा माता के अवतरण का उत्सव मनाने वाला एक पर्व है। पवित्र गंगा माता इसी दिन स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरित हुई थी। गंगा दशहरा हिंदू पंचांग के ज्येष्ठ महीने के शुक्ल पक्ष की दशमी ( दसवें दिन) को मनाया जाता है। हिंदू धर्म में इस पावन दिन गंगा नदी में स्नान करने, दान-पुण्य करने और पूजा-पाठ का बहुत महत्व है। माना जाता है कि ऐसा करने से व्यक्ति के दस प्रकार के पापों (कायिक, वाचिक और मानसिक) का नाश होता है।












