अपना घर आश्रम की बैठक में आगामी योजनाओं पर हुआ मंथन

हाथरस। अपना घर आश्रम की कार्यकारिणी की बैठक अपना घर आश्रम परिसर में अध्यक्ष दिलीप पोद्दार एडवोकेट की अध्यक्षता एवं सचिव चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य के संचालन में संपन्न हुई। बैठक में आश्रम के विगत कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी सेवा योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सचिव चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अपना घर आश्रम निराश्रित, असहाय एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रभुजनों की सेवा का एक पावन केंद्र है। आश्रम परिवार का प्रत्येक सदस्य सेवा, समर्पण एवं संवेदनशीलता के भाव से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में जनसहयोग को और अधिक बढ़ाते हुए सेवा कार्यों का विस्तार किया जाएगा तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को इस पुनीत अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं कोषाध्यक्ष राकेश कुमार अग्रवाल ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि आश्रम का समस्त वित्तीय कार्य पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ संचालित किया जा रहा है। उन्होंने आश्रम को प्राप्त सहयोग राशि, व्यय एवं विभिन्न सेवा गतिविधियों की जानकारी देते हुए सभी सदस्यों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
अंत में अध्यक्षता कर रहे दिलीप पोद्दार एडवोकेट ने कहा कि अपना घर आश्रम मानवता, करुणा एवं सेवा का जीवंत उदाहरण है। आश्रम से जुड़े सभी पदाधिकारी एवं सदस्य निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं, जिसके कारण संस्था निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने सभी सदस्यों से सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा समाज के सक्षम लोगों को आश्रम से जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में संस्थापक मदनलाल वार्ष्णेय, संरक्षक ओमप्रकाश गुप्ता, डॉ. लक्ष्मीपत सेकसरिया, राकेश बंसल, राजकुमार वार्ष्णेय, चंद्रेश वार्ष्णेय, अनिल वार्ष्णेय, राकेश बुटिया, डॉ. कपिलेश मोहन वार्ष्णेय, कपिल नरूला सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment