शादी में मिली अंगूठी गिरवी रखने पर परिजनों से हुआ विवाद, युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान


7 मई को हुई थी मृतक की शादी

सिकंदराराऊ । कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव नगला रति निवासी 21 वर्षीय युवक ने रविवार को ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवक ने शादी में मिली अंगूठी रुपयों की जरूरत के चलते गिरवी रख दी थी। अंगूठी को लेकर परिजनों से हुई कहासुनी और डांट-फटकार के बाद वह घर से निकल गया और सलेमपुर रेलवे फाटक के निकट ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। युवक की मौत से परिजनों में चीत्कार मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि गांव नगला बदलू (नगला रति) निवासी 21 वर्षीय अंशुल कुमार बघेल पुत्र छोटेलाल ने रविवार की सुबह ट्रेन आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
अंशुल की शादी 7 मई को हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला जायस निवासी शशि के साथ हुई थी। अंशुल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पिता भी मजदूरी करते हैं। अंशुल ने शादी में मिली एक अंगूठी पैसों की जरूरत के कारण गांव के ही एक स्वर्णकार के यहां गिरवी रख दी थी। रविवार को घर में अंगूठी नहीं मिलने पर परिजनों ने उससे पूछताछ की। पहले उसने अंगूठी चोरी होने की बात कही, लेकिन बाद में अंगूठी गिरवी रखने की जानकारी सामने आ गई। इस बात को लेकर परिजनों ने उसे डांट-फटकार लगाई। झूठ बोलने को लेकर घर में कहासुनी बढ़ गई। इससे नाराज होकर अंशुल अपनी मोटरसाइकिल लेकर घर से निकल गया। अंशुल हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव सलेमपुर स्थित रेलवे फाटक के पास पहुंचा। उसने अपनी मोटरसाइकिल चाबी समेत सड़क किनारे खड़ी कर दी और सुबह करीब 9 बजे कासगंज से मथुरा की ओर जा रही ट्रेन के सामने कूद गया। घटना की जानकारी ट्रेन चालक और गार्ड ने रेलवे कर्मियों को दी। सूचना मिलते ही डायल-112, हसायन पुलिस और हाथरस जंक्शन पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में हाहाकर मच गया और गांव में मातम पसर गया। परिजन एवं ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है ।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment