पारिवारिक तनाव के चलते युवक ने की आत्महत्या

हाथरस। पारिवारिक तनाव के चलते एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर लेने से परिवार में कोहराम मच गया है और तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में बीती रात्रि को एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान गांव पुन्नेर निवासी 28 वर्षीय रईस मोहम्मद पुत्र दीन मोहम्मद के रूप में हुई है। रईस मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं।
परिजनों के अनुसार लगभग एक माह पहले रईस अपनी पत्नी के साथ मजदूरी करने हरियाणा गया था। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद उसकी पत्नी मायके चली गई। पत्नी से अलगाव के बाद रईस मानसिक तनाव में रहने लगा और वापस अपने गांव लौट आया।बताया जा रहा है कि बाद में उसका ससुराल पक्ष के लोगों से भी विवाद हुआ था। परिजनों का कहना है कि इन घटनाओं के बाद वह लगातार परेशान रहने लगा था। इसी तनाव के चलते उसने देर रात ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।मृतक के भाई ने बताया कि रईस अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ गया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment