सासनी-रूदायन रोड गांव जरैया गदाखेडा में स्थित सम्यक पुस्तकालय एवं वाचनालय, अम्बेडकर पार्क, भीमनगर उर्फ गदाखेड़ा, रुदायन रोड में डॉ. भीमराव अम्बेडकर शैक्षिक एवं सामाजिक विकास समिति के तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित हुआ। इसमें विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित पुस्तकालय के 10 अभ्यर्थियों को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
शुक्रवार को आयोजित कार्रक्रम का शुभारंभ प्रेम सिंह बौद्ध के मार्गदर्शन में बुद्ध और डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पार्पण व त्रिशरण-पंचशील स्मरण से हुआ। चयनित अभ्यर्थियों में लवकेश व अनिकेत (एजी टीए), वर्षा, प्रियंका, शिवम कुशवाह, विष्णु, अवधेश, सिद्धार्थ व प्रियांशु (यूपी पुलिस कांस्टेबल) तथा यशवीर सिंह (यूपी पुलिस होमगार्ड) शामिल रहे। सभी ने अपने संघर्ष व सफलता के अनुभव साझा किए। अतिथियों ने अभ्यर्थियों से ईमानदारी व समयबद्धता से कर्तव्य निभाने, समाज व पुस्तकालय से जुड़े रहने और जरूरतमंद छात्रों के मार्गदर्शन का आह्वान किया। अतिथियों को पंचशील पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया गया, उपहार दिए गए और नीट-जेईई की पुस्तकें पुस्तकालय को भेंट की गईं। समिति अध्यक्ष युवराज सिंह भैया ने आभार जताया तथा महासचिव आकाश, संरक्षक बालकिशन बौद्ध, प्रबंधक राजेश बौद्ध सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। समापन पर सामूहिक छायाचित्र व मिष्ठान वितरण हुआ।











