40 लाख की लूट मामले में एसओजी ने पकड़े सर्राफ को छोड़ा:हिरासत में लिए गए सर्राफ को छोड़ने पर चर्चाओं का बाजार गर्म
सिकंदराराऊ। आगरा में करीब 35 दिन पूर्व ऑटो में सवार महिला से करीब 40 लाख रुपए के स्वर्ण आभूषणों की लूट मामले में शुक्रवार की शाम को आगरा एसओजी टीम ने उक्त घटना में पकड़े गए एक आरोपी की निशादेही पर कस्बा एक सर्राफ की दुकान पर छापा मारकर उसको हिरासत में लिया था। उसके बाद कोतवाली पर पूछताछ करने के बाद टीम सर्राफ को अपने साथ ले गई। लेकिन रात्रि में उसको छोड़े जाने को लेकर कस्बा में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।
बताया जाता है कि करीब 35 दिन पूर्व शादी समारोह में भाग लेने के लिए आगरा में एक ऑटो में सवार होकर जा रही एक महिला से लूटेरो ने करीब 40 लाख के स्वर्ण आभूषण सोने की कंधोनी, चूड़ी, अंगूठी, कालर आदि सामानों से भरा बैग लूट लिया था। लूट की घटना को लेकर आगरा पुलिस सक्रिय हुई और खुलासे के लिए एसओजी टीम लग गई। टीम ने एक आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की । पकड़े गए एक युवक ने सिकंदराराऊ में एक सर्राफ के यहां पर लूट के सोने में से कुछ सोना बेचने की बात कबूली। जिसको लेकर एसओजी टीम ने शुक्रवार की देर शाम कस्बा के एक सर्राफ की दुकान पर छापेमारी उसे अपनी हिरासत में ले लिया था। टीम सर्राफ से कोतवाली पर पूछताछ करने के बाद उसे अपने साथ ले गई। रात्रि में टीम ने सर्राफ को छोड़ दिया। जिसको लेकर कस्बा में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि इन सब छोटे दुकानदारों की पीछे एक बड़े सर्राफा कारोबारी का हाथ है। जो लूट का मोटा माल इन छोटे दुकानदारों के माध्यम से खरीद-फरोख्त करता है। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।












