भुस मंडी पर आलू की बोरियों से लदा ई रिक्शा पलटा:जल निगम की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे लोग
सिकंदराराऊ । हर घर जल योजना के तहत जल निगम की पाइपलाइन परियोजना के बाद कस्बा की सड़के बदहाल हो गई है। जिसका खामियाजा अब लोगों को भुगतना पड़ रहा है।बरसात से सड़के धसने लगी हैं। सड़को के धसने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। इसी क्रम में कस्बा की भुस मंडी मार्ग पर सड़क धंसने से सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए है। सोमवार को आलू की बोरियों को लदा एक ई रिक्शा गहरे गड्ढे में पहिया चले जाने से अनियंत्रित होगा पलट गया। हादसे में ई रिक्शा चालक चुटैल हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।

बताया जाता है कि सोमवार की दोपहर 1 बजे करीब एक ई रिक्शा आलू की बोरियों को लादकर पुरानी सब्जी मंडी से ला रहा था। जैसे ही ई रिक्शा भुस मंडी के पास पहुंचा तभी धंसी हुई सड़क के गहरे गड्ढे में अचानक ई-रिक्शा का पिछला पहिया चला गया । जिसके कारण ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया और ई रिक्शा में लदी आलू की बोरियां सड़क पर बिखर गई। हादसे में ई रिक्शा चालक घायल हो गया । हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई । लोगों ने अथक प्रयास कर ई रिक्शा को गड्ढे से बाहर निकाल कर खड़ा किया। कस्बा में कुछ दिनों पूर्व हुई बरसात के बाद कई सड़कें धंस चुकी हैं। जगह-जगह गहरे गड्ढे, दरारें और बैठी हुई इंटरलॉकिंग सड़कें लोगों के लिए खतरा बनी हुई हैं। सड़के पूरी तरह धंसकर गड्ढों में तब्दील हो गई। जिससे लोगो को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निगम और संबंधित ठेकेदारों ने सड़को की मरम्मत कराकर केवल खानापूर्ति की है। कुछ स्थानों पर मिट्टी डालकर औपचारिकता पूरी कर दी गई, लेकिन स्थायी मरम्मत अब तक शुरू नहीं हुई। बरसात का पानी सड़कों के नीचे पहुंचने से वे अंदर से खोखली होती जा रही हैं । सड़के धंसने एवं गहरे गड्ढे होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो अगली बार कोई बड़ा हादसा टल नहीं पाएगा। लोगों ने जिलाधिकारी से समस्या का समाधान करने की मांग की है।











