रील बनाने के दौरान खुला कार का दरवाजा, टकराई बाइक ,युवक घायल ,रेफ

हाइवे पर दो कार सवार युवक बना रहे थे रील गांव हुसैनपुर के समीप हुआ हादसा


सिकंदराराऊ । एनएच 34 के अलीगढ़ रोड स्थित गांव हुसैनपुर के निकट बीती रात्रि रील बनाने के दौरान एक कार का दरवाजा अचानक खुलने से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया । घायल युवक के भाई ने कार सवार एक नामजद के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बताया जाता है कि शुक्रवार की रात्रि 10:30 बजे करीब 21 वर्षीय मयंक कश्यप पुत्र पीतांबर निवासी गांव बिलार में एक शादी समारोह से कैमरा मैन को सिकंदराराऊ छोड़कर अपनी बाइक से गांव वापस लौट रहा था। जैसे ही वह गांव हुसैनपुर के पास पहुंचा। तभी हाईवे किनारे दो कारों में सवार चार-पांच युवक शराब पीकर रील और फोटोशूट कर रहे थे। इस दौरान एक कार का साइड दरवाजा खोलकर वीडियो सूट किया जा रहा था। तभी पीछे से आ रही मयंक की बाइक सीधे खुले दरवाजे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मयंक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरा। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आनन फानन में घायल युवक को उपचार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया । जहां से चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया । घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हादसे के बाद अधिकांश कार सवार फरार हो गए, लेकिन ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल युवक के भाई मनोज ने कार सवार आरोपी युवक देव सिंह पुत्र गौरव सिंह निवासी नगला हजारी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment