
हाथरस। संस्कार भारती के तत्वावधान में लक्ष्मी नगर स्थित सेंट आरएच कॉन्वेंट स्कूल में आज पारंपरिक विवाह गीत कार्यशाला आयोजित की गई।जेल विजिटर अनु विमल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बाल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आशुकवि अनिल बौहरे ने बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि इन प्रतिभागियों को लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुति देने का मौका मिलेगा। यह अवसर इनके लिए गर्व की बात है।संस्कार भारती के जिला उपाध्यक्ष एवं पं. नथाराम गौड़ स्वांग परंपरा के लिए समर्पित डॉ. खेमचंद्र यदुवंशी ने कहा कि धीरे-धीरे लुप्त हो रही लोक परंपराओं को जीवित रखने का यह छोटा सा प्रयास है। आगे भी ऐसी कार्यशालाएं होती रहेंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशाला जिले के विभिन्न विद्यालयों में भी चलाने का प्रयास किया जाएगा।
इससे पूर्व संस्कार भारती के जिलाध्यक्ष चेतन उपाध्याय ने प्रशिक्षिका ज्योति समेत सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।इस मौके पर जिला कोषाध्यक्ष श्यामबाबू चिंतन, महामंत्री एआर शर्मा, प्रवक्ता पूरन सागर, जीवनलाल शर्मा, हेमेंद्र शर्मा, कुलदीप निबौरिया, प्रवीन कुमार समेत तमाम जन मौजूद थे। संचालन चेतन उपाध्याय ने किया।












