सिकंदराराऊ । नगर पालिका परिषद के कॉम्प्लेक्स से गुरुवार रात एक ई-रिक्शा की बैटरी चोरी हो गई। कूड़ा निस्तारण स्थल के पीछे स्थित पालिका परिसर में हुई इस घटना से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। यह परिसर लाखों रुपये के वाहनों का भंडारण स्थल है और यहां 24 घंटे कर्मचारी तैनात रहते हैं। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि गुरुवार की रात्रि को अज्ञात चोर नगर पालिका परिषद के कॉम्प्लेक्स में प्रवेश कर गए। चोर वहां खड़े एक ई रिक्शा की बैटरी चुराकर ले गए। इस परिसर में यह चोरी की दूसरी घटना है। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की। इन लगातार चोरी की घटनाओं ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।












