जलभराव एवं गंदगी से लोग परेशान, मुख्यमंत्री से समस्या के समाधान की लगाई गुहार


सिकंदराराऊ । कस्बा के मोहल्ला नौरंगाबाद पूर्वी, दमदपुरा, नई कॉलोनी ,कृष्णा बिहार कॉलोनी समेत आसपास के मोहल्लों के निवासियों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जलभराव और गंदगी की गंभीर समस्या के समाधान की मांग की है। जलभराव की इस गंभीर समस्या से मोहल्लों के वाशिंदे
पिछले कई वर्षों से खासे परेशान है।
शिकायत में कहा गया है कि जीटी रोड से रेलवे स्टेशन तक के मार्ग पर पूरे वर्ष कस्बे का गंदा पानी लगभग 3 से 5 फीट तक भरा रहता है। इसी क्षेत्र में कस्बे का कूड़ा-कचरा भी डाला जाता है । जिससे आसपास रहने वाले लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में मोहल्लों के अंदर करीब 2 फीट तक गंदा पानी महीनों तक जमा रहता है। इससे लोगों का आवागमन प्रभावित होता है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। गंदगी और जलभराव के कारण क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है । जिससे लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस गंभीर समस्या के संबंध में नगर पालिका परिषद में कई बार शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। यह भी बताया कि रेलवे स्टेशन पर्वआने-जाने वाले यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों को पूरे साल जलभराव से उठने वाली दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ता है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment