हादसे में बाइक हुई क्षतिग्रस्त , युवक बाल बाल बचा

सिकंदराराऊ। अलीगढ़ रोड स्थित निर्माणाधीन हाईवे पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होने से बाल बाल टल गया। हाईवे अथॉरिटी की मसाला मिक्सर मशीन के ट्रक के नीचे एक बाइक सवार युवक आ गया । हालांकि युवक बाल-बाल बच गया, जबकि उसकी मोटरसाइकिल ट्रक के पिछले पहियों के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जाता है कि सोमवार को सोनू ठाकुर पुत्र यतेंद्र पाल सिंह निवासी गांव सोना थाना सकरौली जनपद एटा अपनी मोटरसाइकिल से क्षेत्र के गांव रतनपुर जा रहा था। जैसे ही वह अलीगढ़ रोड स्थित निर्माणाधीन हाईवे के ब्रिज के पास पहुंचा, तभी हाईवे निर्माण कार्य में लगी मसाला मिक्सर मशीन के ट्रक के नीचे बाइक सवार युवक आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक सड़क पर दूसरी ओर गिर गया । जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन बाइक ट्रक के पिछले दोनों पहियों के नीचे आ गई। ट्रक के पहिए के नीचे आने से बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और युवक बाल बाल बच गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई । सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।












