
हाथरस। थाना हाथरस गेट पुलिस द्वारा थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम ढकपुरा में एक युवक की गोली मारकर हुई सनसनीखेज हत्या की घटना में आरोपी ऋषभ से हुई पुलिस मुठभेड़ में आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी ऋषभ मीणा के पैर मे गोली लगने से वह घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर , जिंदा व खोखा कारतूस व एक स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक गत 19 मई को आकाश पुत्र ओमी उर्फ ओमप्रकाश निवासी ग्राम ढकपुरा द्वारा थाना हाथरस गेट पर लिखित तहरीर के माध्यम से सूचना दी कि गत 18 मई को उसके पिता ओमी उर्फ ओमप्रकाश तथा पडोसी महेन्द्र पुत्र राजपाल के बीच घरेलू बातो को लेकर शराब के नशे में आपस में गोली गलौज हो गयी थी । कृष्णा पुत्र महेन्द्र द्वारा अपने पिता को गाली देने का द्वेष मानकर अपने दोस्तो को बुलाकर उसके घर के सामने गाली गलौज करने लगा । चबूतरे पर बैठे उसके चचरे भाई सोनू पुत्र रामवीर द्वारा विरोध करने पर गोली मारकर हत्या कर दी ।।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में घटना के खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु प्रभारी निरीक्षक हाथरस गेट को निर्देशित किया गया था । थाना हाथरस गेट पुलिस टीम एवं सर्विलांस टीम सहित 3 टीमों को लगाया गया था । विवेचना के क्रम में टीमों द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गयी तथा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु संभावित स्थानों पर दबिश दी गई। जिसके क्रम में आज गठित टीमों के कठिन परिश्रम व अथक प्रयासोपरान्त आरोपी ऋषभ मीणा पुत्र कुंवरसैन मीणा निवासी बोझिया थाना हाथरस जंक्शन से नगला सिंघी के पास हुई पुलिस मुठभेड के दौरान पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जवाबी फायरिंग में ऋषभ मीणा के पैर में गोली लगने से घायल हो गया तथा घायल ऋषभ मीणा को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया । ऋषभ मीणा पुत्र कुंवरसैन मीणा के कब्जे से 1 अवैध तमंचा , 3जिंदा व 1 खोखा कारतूस व एक स्कूटी बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी ऋषभ मीणा पुत्र कुंवरसैन मीणा शातिर किस्म का अपराधी है। उसके विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानो मे गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, बलवा, तोड़फोड़, गंभीर चोट पहुंचाने, अवैध शस्त्र अधि. तथा अनुसूचित जाति/जनजाति उत्पीड़न , हत्या के प्रयास के अभियोग पंजीकृत है।। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना मय टीम थाना हाथरस गेट शामिल थे।












