ग्राम पंचायत अजरोई की नवीन बस्ती नगला बाग में एक मुर्गी फार्म से गंदगी और दुर्गंध फैल रही है जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड रहा है। जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने एसडीएम नीरज शर्मा से करते हुए तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार को एसडीएम से शिकायत करते हुए ग्राम पंचायत सदस्य प्रशांत कुमार ने कहा है कि यह मुर्गी फार्म बस्ती के मुख्य मार्ग पर स्थित है। यह मार्ग सासनी आने-जाने का प्रमुख सार्वजनिक रास्ता है। फार्म में लगभग बारह हजार मुर्गियां पाली जा रही हैं। आबादी से इतनी कम दूरी पर होने के कारण फार्म से निकलने वाली दुर्गंध, गंदगी और प्रदूषण ने ग्रामीणों का सामान्य जीवन दूभर कर दिया है। शिकायत में कहा है कि इस मार्ग से छोटे बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। उन्हें प्रतिदिन जहरीली बदबू, प्रदूषित वातावरण और संक्रमण के खतरे का सामना करना पड़ रहा है। फार्म के आसपास मुर्गियों के अपशिष्ट और गंदगी के बड़े-बड़े ढेर जमा हैं। इन ढेरों के कारण मच्छर, मक्खियां, विषैले कीट और अन्य रोग फैलाने वाले जीव बड़ी संख्या में पनप रहे हैं। इससे क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।











