
सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव नारई निवासी एक युवक ने जमीन खरीद-फरोख्त के मामले में छह लोगों पर लाखों रुपये हड़पने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने न्यायालय के आदेश पर कोतवाली रिपोर्ट दर्ज कराई है ।
गांव नारई निवासी प्रशांत यादव पुत्र अरुण कुमार ने न्यायालय के आदेश पर दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसकी मां सरोज देवी ने कस्बा सिकंदराराऊ के मौजा सराय उम्दा बेगम में एक गोदाम खरीदने का सौदा सुनीता पत्नी गजेंद्र ,रीना पत्नी रामविलास, रामविलास पुत्र गजेंद्र, अनूप पुत्र गजेंद्र, नीलम पत्नी प्रवीन ,कमलेश पत्नी भीष्म सिंह निवासीगण गांव नगला विजन से किया था। यह सौदा 12 जुलाई 2025 को करीब 40 लाख रूपए में तय हुआ था और 9 अक्टूबर 2025 को बैनामा करने की तारीख निर्धारित की गई थी। आरोप है कि इस सौदे के तहत प्रशांत यादव ने विभिन्न बैंक खातों और फोन पे के माध्यम से आरोपियों को कुल 5 लाख 42 हजार 900 रुपये का भुगतान किया। कुछ हिस्सेदारों ने अपनी जमीन का बैनामा कर दिया, लेकिन नामजद आरोपियों ने ऐसा नहीं किया। उन पर आरोप है कि उन्होंने बाद में अपनी जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी। पीड़ित ने जब आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। 22 नवंबर 2025 को पंत चौराहा पर पैसे मांगने पर आरोपियों ने पीड़ित को गाली गलौज कर मारपीट कर दी । आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है ।











