अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशों और जिलाधिकारी हाथरस के कुशल पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
बुधवार को हुई कार्रवाई में जनपद के साथ तहसील क्षेत्र की मदिरा दुकानों का औचक निरीक्षण किया, जिससे शराब विक्रेताओं में खलबली मच गई। अभियान के तहत आबकारी टीम ने सासनी, नगला गढ़़ू और रूहेरी स्थित देशी व विदेशी मदिरा की दुकानों पर औचक दस्तक दी। टीम ने दुकानों पर उपलब्ध स्टॉक का बारीकी से मिलान किया, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध शराब के मिश्रण की संभावना को खत्म किया जा सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकान संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि वे पीओएस (पीओएस) मशीन के माध्यम से ही शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करें। विभाग ने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी। इस विशेष प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान आबकारी निरीक्षक सासनी और आबकारी निरीक्षक हाथरस सदर अपने स्टाफ के साथ मौजूद रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि राजस्व की क्षति को रोका जा सके और जनता को मानक के अनुरूप ही मदिरा उपलब्ध हो।












