भागवत कथा में साउंड लेकर आया था मृतक: भंडारे के लिए लाइट हेतु खेत में गाड़ रहा लोहे का पोल:तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला मनी में रविवार को भंडारे के लिए लाइट हेतु खेत में पोल लगा रहे एक युवक की हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। आनन फानन में आयोजक उसे एटा जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक युवक के पिता ने कोतवाली में तीन नामजद के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राय सिंह पुत्र फौरन सिंह निवासी गांव भारौल थाना अरांव जनपद फिरोजावाद ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसका 25 वर्षीय पुत्र आनेश कुमार बिजली व साउण्ड का कार्य करता था। क्षेत्र के गांव नगला मनी में विजयपाल सिंह, सुरजन सिंह, संदीप यादव के यहाँ भागवत सप्ताह में साउंड लेकर आया था । रविवार की दोपहर 1 बजे करीब आनेश कुमार भंडारे के लिए लाइट व्यवस्था हेतु एक जुते हुए खेत में लोहे का पाइप गाड़ रहा था। इस दौरान ऊपर होकर जा रही विद्युत हाईटेंशन लाइन के तार से पोल छुल गया । जिससे करंट की चपेट में आकर आनेश की मौत हो गई । तत्काल विजयपाल , सुरजन सिंह व संदीप यादव आनेश को जिला अस्पताल एटा लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया । पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव उसके परिजनों को सौंप दिया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।












