
सिकंदराराऊ । कासगंज रोड स्थित सदल्लापुल पर खड़े होकर वाहन का इंतज़ार कर रहे तीन लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल का उपचार नोएडा में चल रहा है ,जबकि दो घायल का उपचार अलीगढ़ में निजी अस्पताल में जारी है । घायल युवक के भाई ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव टीकरी कला निवासी विनय कुमार पुत्र रमेशपाल ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 17 अप्रैल की रात्रि 10:30 बजे करीब उसका भाई नेह कुमार अपने साथी कैलाश कुमार पुत्र राधेश्याम के साथ कासगंज रोड स्थित सदल्लापुल पर खड़े होकर वाहन का इंतज़ार कर रहा था। वहां पहले से राजेश कुमार पुत्र रमेश कुमार भी खड़े हुए थे । तभी सिकंदराराऊ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने तीनों में टक्कर मार दी । हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अलीगढ़ ले गए। जहां से हालत गंभीर होने पर नेह को नोएडा रेफर कर दिया गया ,जबकि दोनों घायलों का उपचार अलीगढ़ में एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है ।












