परिजनों ने प्रेमी पर लगाया उत्पीड़न करने का आरोप

सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला कुशल में एक 19 वर्षीय छात्रा ने प्रेम प्रसंग में विवाद के बाद बीती रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के दौरान छात्रा घर पर अकेली थी । परिजनों ने प्रेमी पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है ।
बताया जाता है कि गांव नगला कुशल निवासी योगेंद्र सिंह अपने परिवार समेत एक शादी समारोह में शामिल होने दिल्ली गए थे । इस दौरान घर पर उनकी 19 वर्षीय पुत्री आरती अकेली थी । आरती बीएससी की छात्रा थी। आरती का कासगंज के पटियाली निवासी अपने ही दूर के रिश्तेदारी के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच अक्सर फोन पर बातचीत होती थी। बताते हैं कि किसी बात को लेकर मंगलवार को दोनों में विवाद हो गया । जिसके बाद आरती ने फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली । आरती के प्रेमी ने ही फोन पर उसके ताऊ की लड़की को घटना की सूचना दी। जब ताऊ की लड़की घर पहुंची, तो आरती फांसी के फंदे पर लटकी मिली। उसने तुरंत गांव के अन्य लोगों को इकट्ठा किया और परिवार को सूचित किया। परिवार के लोग भी दिल्ली से आ गए। मृतक युवती के भाई शोमेंद्र ने आरोप लगाया है कि यह युवक पिछले कुछ समय से उनकी बहन को परेशान कर रहा था । जिसके चलते उनकी बहन ने आत्महत्या की है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई । पुलिस ने मौके में पहुंचकर मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी जे एन अस्थाना ने बताया कि युवती ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है ।












