पालिका कार्यालय में सफाई नायक से गाली गलौज जाति सूचक शब्दों का प्रयोग: आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर हड़ताल कर आंदोलन की चेतावनी

3 दिन पहले भी सफाई नायक को मारपीट कर किया था घायल
सिकंदराराऊ। कस्बा में जी टी रोड पर नाला सफाई के दौरान बुधवार को नगर पालिका सफाई कर्मचारी से अभद्रता करते हुए कार्यालय में आकर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली गलौज करने की घटना को लेकर सफाई कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। कर्मचारी एकजुट होकर नगर पालिका पहुंचे। जहां उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया । वहीं घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी है । कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र दोनों घटनाओं के आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल नहीं भेजा गया तो हड़ताल करके आंदोलन किया जाएगा। वही तीन दिन पूर्व नाला सफाई के दौरान एक दुकानदार द्वारा सफाई नायक को मारपीट कर घायल कर दिया गया था।
बताया जाता है कि बुधवार को कार्यवाहक सफाई नायक अजय कुमार जी टी रोड पर जेसीबी मशीन से नाले की सफाई करा रहे थे। इसी दौरान हुमैरा गेस्ट हाउस के निकट कबाड़ा व्यापारी नूरी द्वारा सफाई कर्मचारियों के साथ अभद्रता की गई और सफाई कार्य को रुकवा दिया गया। उसके बाद युवक ने पालिका कार्यालय में आकर अध्यक्ष के समक्ष सफाई नायक के साथ जमकर गली गलौज करते हुई जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। घटना को लेकर वहां मौजूद सफाई कर्मचारियों में रोष व्याप्त हो गया और उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। अध्यक्ष मुहम्मद मुशीर कुरैशी तथा अधिशासी अधकारी संदीप सक्सैना को एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान चेयरमैन मोहम्मद मुशीर ने कहा कि सफाई के दौरान अवरोध पैदा करने वाले तथा पालिका कर्मचारियों से मारपीट व अभद्रता करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा ,उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी











