
हाथरस। जनपद में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में आज सुबह पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन घायलों में दो स्कूली बच्चे भी शामिल हैं तथा घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर के मथुरा रोड पर सड़क हादसे के दौरान एक ट्रक ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला धर्मा निवासी शिवम और सचिन घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।दूसरा हादसा अलीगढ़ रोड पर नहर के पास हुआ। यहां एक स्कूटी फिसल गई, जिससे उस पर सवार तीन लोग घायल हो गए। स्कूटी पर गांव लहरा का एक व्यक्ति अपनी बेटी को सेंट फ्रांसिस स्कूल छोड़ने जा रहा था। उनके साथ गांव का ही एक अन्य छात्र भी था, जो सीमैक्स इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ता है। स्कूटी फिसलने से तीनों को गंभीर चोटें आयी हैं। घायलों में कक्षा एक की छात्रा दर्शिका भी शामिल है, जिसे काफी चोट लगी है। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।












