
एक भागने में रहा सफल , पकड़े गए चोर को किया पुलिस के हवाले
सिकंदराराऊ। कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव सीधामई में दिन दहाड़े भैंस को छोटा हाथी में लादकर ले जा रहे एक भैंस चोर को पीड़ित एवं ग्रामीणों ने घेरा बंदी कर पकड़ लिया। इस दौरान उसका एक साथी मौके से भाग जाने में सफल रहा। पकड़े गए चोर को छोटा हाथी समेत पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित पशुपालक ने कोतवाली में दो नामजद भैंस चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव सीधामई निवासी शिवकुमार पुत्र दिवारी लाल ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसके घर पर जगह ने होने के कारण वह अपनी भैंस को घर से 200 मीटर दूर बंबा किनारे पेड़ की छाया के नीचे बांध देता है । रविवार की शाम 5 बजे करीब उसने देखा कि उसकी भैंस के पास एक छोटा हाथी खड़ा है और दो चोर भैंस को जबरन छोटा हाथी में चढ़ा रहे हैं । पीड़ित ने यह देख शोर गुल कर दिया। शोर गुल सुनकर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई । ग्रामीणों को देख चोर छोटा हाथी को लेकर भागने लगे। ग्रामीणों ने घेरा बंदी कर एक चोर को भैंस समेत पकड़ लिया। इस दौरान चोर का एक साथी मौके से भाग गया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम पता बंटी पुत्र तोड़ी सिंह निवासी कस्बा हसायन बताया तथा भागे हुए चोर का नाम नीरज पुत्र गीतम सिंह निवासी गांव बसई बावस बताया। ग्रामीणों एवं पीड़ित ने पकड़े गए चोर को छोटा हाथी समेत पुलिस के हवाले कर दिया । पकड़े गए चोर से पुलिस कड़ी पूछताछ करने में जुट गई । रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस भागे हुए चोर की तलाश में जुट गई है ।












