15 संगीन धाराओं में कराई रिपोर्ट

सिकंदराराऊ । भारतीय किसान यूनियन (भानु) शुक्रवार को सैकड़ो किसानों की भीड़ तथा गाड़ियों के काफिले के साथ कस्बे में होकर गढ़मुक्तेश्वर जा रहे कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा कस्बे में पुलिस के साथ हुई मारपीट, धक्का मुक्की तथा बवाल को लेकर के कोतवाली पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस ने भाकियू (भानु) के प्रदेश अध्यक्ष समेत 25 नामजदों तथा ढाई सौ अज्ञातों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। अब पुलिस इन नामजदों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाएगी ।
बतादें कि हापुड़ में मदन चौहान के द्वारा किसान यूनियन भानु गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप के खिलाफ कथित रूप से अशोभनीय टिप्पणी की गई थी। इसको लेकर के यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने शुक्रवार को गढ़मुक्तेश्वर पहुंचकर धरना प्रदर्शन करने का आह्वान किया था । आव्हान के तहत जलेसर, एटा, सकरौली, फिरोजाबाद, नारखी , कोतवाली हसायन क्षेत्र के सैकड़ो किसान गाड़ियों से गढ़मुक्तेश्वर जा रहे थे । पुरदिलनगर रोड के रेलवे अंडरपास पर एटा सिकंदराराऊ पुलिस ने किसानों के काफिले को रोका तो यहां पुलिस से टकराव हो गया। यहां पर आरोप है कि किसानों ने गाड़ियों में रखे सोटे, डंडे निकल लिए। किसानों ने पास से गुजर रही बसों के तथा निजी वाहनों के शीशे तोड़ दिए । उसके पश्चात कोतवाली से लेकर पंत चौराहे तक कई बार पुलिस से भिड़ गए तथा एक दरोगा राम नरेश के पांव पर कार का पहिया चढ़ा दिया। जिससे वह घायल होकर गिर पड़े। इसके अलावा कई सिपाहियों को मारपीट करके घायल कर दिया। हमले में कई पुलिस कर्मी बाल बाल बच गए।
मामले को लेकर सीओ जेएन अस्थाना ने जानकारी देते हुए बताया की कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक श्रीचंद्र सिंह सोम ने योगेश प्रताप सिंह पुत्र भानु प्रताप सिंह निवासी जलेसर यह भानु गट के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं, राम जादौन निवासी बनवारीपुर हसायन,टुल्लन निवासी सकरौली एटा, एहसान बेग निवासी बकायन हसायन, हेमंत पुत्र हरेंद्र निवासी रिजावली फिरोजाबाद, राजेश निवासी चिरावली एटा, शीलू सिकरवार निवासी मंडेला एटा, रामप्रताप निवासी सकरौली एटा, अंशु निवासी अवागढ़ एटा, अमन यादव निवासी बारमऊ एटा, दिनेश प्रताप सिंह निवासी सकरौली एटा, बृजमोहन सिसोदिया निवासी फिरोजाबाद, संजय शर्मा महासचिव निवासी फिरोजाबाद, राजकुमार निवासी फिरोजाबाद, आशु चौधरी निवासी लखनऊ, उपेंद्र बाबा निवासी फिरोजाबाद, पंकज जिला अध्यक्ष एटा, मोहित फिरोजाबाद, आकाश गुप्ता अध्यक्ष जलेसर , अनिल प्रताप सिंह फिरोजाबाद, ईशू रावत निवासी फिरोजाबाद, राजा ठाकुर निवासी फिरोजाबाद, जैदअली बेग हाथरस, रजत ठाकुर निवासी हाथरस, गौरव पचौरी निवासी गांव जरेरा थाना हसायन को नामजद एवं 250 अज्ञात के विरुद्ध 15 संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि इन लोगों के द्वारा कस्बा सिकंदराराऊ में अराजकता फैलाने के कारण भगदड़ मच गई। लोगों ने डर के कारण अपनी दुकान बंद कर ली तथा जूते चप्पल छोड़कर भाग खड़े हुए। लोक शांति पूरी तरह से भंग हो गई । सीओ ने बताया की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद इन लोगों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।











