
सिकंदराराऊ । एटा से गढ़मुक्तेश्वर-मेरठ की ओर जा रहे भारतीय किसान यूनियन (भानु) के काफिले ने शुक्रवार को कस्बा जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने पुरदिलनगर मार्ग स्थित रेलवे अंडरपास पर जाम लगाकर जमकर नारेबाजी की। जिससे यातायात बाधित हो गया। इस दौरान पुलिस और भाकियू कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। कई वाहनों में तोड़फोड़ भी हुई। एक वाहन की टक्कर से एक दरोगा भी घायल हो गया। हंगामे के बाद काफिले को अलीगढ़ की ओर रवाना किया गया।
शुक्रवार को भाकियू पदाधिकारी और समर्थक सैकड़ों वाहनों के साथ एटा से गढ़मुक्तेश्वर-मेरठ की ओर जा रहे थे। जैसे ही भाकियू के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी पुरदिलनगर मार्ग स्थित रेलवे अंडरपास पर पहुंचे और कुछ देर के लिए रास्ता जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी करने लगे। अचानक काफिले के रुकने से सड़क पर लंबा जाम लग गया और आम लोगों को भारी परेशानी का भी सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा, सीओ जैनेद्र नाथ अस्थाना और अन्य अधिकारियों ने भारी पुलिस बल व पीएसी के साथ स्थिति संभाली और काफी प्रयास के बाद काफिले को अंडरपास से हटाया।
अंडरपास से हटने के बाद काफिला जीटी रोड की ओर बढ़ा । काफिला जैसे ही रोडवेज बस स्टैंड के समीप पहुंचा। जहां पुलिस ने उन्हें नियंत्रित करने की भारी कोशिश की। इसी दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस और नोकझोंक होने लगी । जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हंगामे के बीच एक वाहन की टक्कर लगने से दारोगा रामनरेश सिंह घायल हो गए। उनके पैर में चोट आई । जिससे वह सड़क पर गिर पड़े । जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए भेजा गया। घटना के दौरान कुछ निजी वाहनों के शीशे टूटने और नुकसान की सूचना भी सामने आई है। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को बिगड़ता देख एटा ,जलेसर, कासगंज आदि से पुलिस फोर्स को बुलाया गया। जहां एसपी सिटी श्वेताभ पांडेय, सीओ नितिन गर्ग और सीओ जेएन अस्थाना , एसडीएम संजय कुमार समेत भारी पुलिस बल ने मोर्चा संभाला। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भाकियू काफिले को सिकंदराराऊ से आगे अलीगढ़ की ओर रवाना कर दिया गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान खुफिया तंत्र भी सक्रिय रहा।












