22 को हरिनाम संकीर्तनः 23 को विशाल छप्पन भोग, फूल बंगला व प्रसादी का होगा वितरण

हाथरस श्री गोपेश्वर नाथ सेवा समिति के तत्वावधान में बाबा श्री गोपेश्वर नाथ महादेव का 155 वां वार्षिकोत्सव 21 अप्रैल से 23 अप्रैल तक बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जायेगा। तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे और बड़ी ही धार्मिक बयार बहेगी।
श्री गोपेश्वर नाथ सेवा समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव में 21 अप्रैल मंगलवार को सुबह 10 बजे मन्दिर आचार्य पं. प्रदीप भारद्वाज के आचार्यत्व में श्री गणेश पूजन व श्री रामचरित मानस के पाठ का शुभारम्भ होगा तथा सायं 4 बजे से बाबा श्री गोपेश्वर नाथ महादेव की विशाल दिव्य भव्य पालकी शोभायात्रा निकलेगी, जो कि बागला कालेज रोड़ सिटी रेलवे स्टेशन फाटक के निकट मन्दिर श्री गोपेश्वर महादेव से प्रारम्भ होकर सासनी गेट, कमला बाजार, गुड़हाई बाजार, मोती बाजार, नयागंज, चक्की बाजार, मैण्डू गेट, सरक्यूलर रोड़ होती हुई मन्दिर पर पहुचकर विराम होगा।
समिति ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव के तहत 22 अप्रैल बुधवार को रात्रि 8 बजे से श्री पागल बाबा की मंडली द्वारा हरिनाम संकीर्तन का आयोजन होगा। 23 अप्रैल गुरुवार को सायं 6 बजे से बाबा श्री गोपेश्वर नाथ महादेव के विशाल छप्पन भोग व फूल बंगला के दर्शन तथा प्रसादी का वितरण होगा।
श्री गोपेश्वर नाथ सेवा समिति के प्रमोद कौशिक, बृजेश चन्द्र मिश्र, पवन अग्रवाल, कृष्ण गोपाल सारड़ा, कुलदीप शर्मा, अमित अग्रवाल, सुमित पचैरी, नितिन बागला, चिन्टू कैटर्स, रवि वर्मा, गोपाल गर्ग, आशीष रस्तोगी, अंकित अग्रवाल, लखन वाष्र्णेय, डॉ. रघुकुल तिलक दुबे, अनमोल गुप्ता ने शहर की समस्त धर्मप्रेमी जनता से बाबा श्री गोपेश्वर नाथ महादेव की पालकी शोभायात्रा व अन्य सभी धार्मिक आयोजन में सपरिवार शामिल होने की अपील की है।












