
हाथरस शहर के मोहनगंज स्थित ओम साईं इंडेन गैस सर्विस द्वारा 5 किलोग्राम एफटीएल गैस सिलेंडर वितरण एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। वर्तमान समय में गैस की भारी किल्लत चल रही है, जिसके कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी को ध्यान में रखते हुए अभियान के अंतर्गत उन उपभोक्ताओं को 5 किग्रा एफटीएल सिलेंडर उपलब्ध कराए गए, जिनके पास अभी तक गैस कनेक्शन नहीं है तथा जो गैस सुविधा के लिए परेशान हैं। साथ ही ऐसे लोगों को गैस कनेक्शन लेने के लिए जागरूक भी किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए भीषण गर्मी को देखते हुए पानी एवं टेंट की भी व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त, गैस एजेंसी के बाहर स्टॉक बोर्ड भी लगाया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को उपलब्ध गैस स्टॉक की सही जानकारी मिल सके और अनावश्यक भ्रम की स्थिति न बने।
इस अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित गैस उपयोग के संबंध में भी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक गैस सुविधा पहुंचाना एवं उन्हें जागरूक करना रहा। इस अवसर पर गैस एजेंसी की प्रोप्राइटर श्रीमती दीप्ति अग्रवाल, अनुपम अग्रवाल एवं अशोक अग्रवाल उपस्थित थे। स्टाफ में मनोज उपाध्याय एवं समस्त स्टाफ भी मौजूद रहा और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।












