
सिकंदराराऊ । एटा रोड स्थित पेट्रोल पंप के निकट बीती रात एक तेज रफ्तार मैक्स ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया । जहां से हालत गंभीर होने पर एक युवक को अलीगढ़ रेफर कर दिया।
बताया जाता है गांव नगला महा सिंह निवासी पुनीत (18), मनीष (17) और गोलू (18) वर्ष मंगलवार की रात्रि करीब साढ़े आठ बजे करीब बाइक पर सवार होकर रेलवे स्टेशन से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही बाइक सवार युवक
पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे ,तभी सामने से तेज गति से आ रही एक मैक्स ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान घटना को अंजाम देकर मैक्स चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। आनन फानन में घायल युवकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक को चिकित्सकों द्वारा अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।












