
सिकंदराराऊ। कस्बा में खाद दिलाने के बहाने एक युवक से एक शातिर एक मोबाइल ,नगदी और बाइक की चाबी लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने कोतवाली में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने को अज्ञात युवक के खिलाफ तहरीर दी है।
श्यामू कुमार निवासी कृष्णा बिहार कॉलोनी थाना सिकंदराराऊ ने दी तहरीर में कहा है कि वह सोमवार सुबह करीब 11:40 बजे हाथरस रोड स्थित कृभको सेंटर पर खाद लेने पहुंचा। वहां खाद का वितरण नहीं हो रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने श्यामू को अपने झांसे में लिया और उसे खाद दिलवाने का आश्वासन दिया। आरोपी पीड़ित को अपने साथ बहला-फुसलाकर कस्बा में स्थित सहकारी बैंक के पास स्थित खाद सोसायटी केंद्र पर ले गया। वहां खाद दिलाने का लालच देकर उसने श्यामू से उसका मोबाइल , 700 रुपये नकद और बाइक की चाबी ले ली। पीड़ित को कुछ देर तक समझ नहीं आया कि उसके साथ क्या हुआ है। जब उसे स्थिति का एहसास हुआ, तो उसने तुरंत अपने भाई को घटना की जानकारी दी। पीड़ित का भाई राजकुमार भी मौके पर पहुंच गया। जबतक आरोपी भाग जाने में सफल हो गया। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।












