
हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव राजपुर में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। घटना से मृतक के परिवार में भारी कोहराम मच गया है।। बताया जाता है थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव राजपुर निवासी करीब 30 वर्षीय युवक जितेंद्र पुत्र विजय सिंह साइकिल की दुकान पर मिस्त्री का काम करता था। परिवार के सदस्यों के अनुसार जितेंद्र का अपनी पत्नी से चल रहे विवाद और आर्थिक तंगी के कारण वह तनाव में था। बताया जाता है जितेंद्र की पत्नी पिछले लगभग 15 दिनों से बच्चों को छोड़कर अपने मायके में रह रही थी। इसके अलावा, उसने एक प्राइवेट समूह से 50 हजार रुपए का कर्ज भी लिया हुआ था। कर्ज देने वाले समूह के लोग हाल ही में किस्त के लिए उसके पास आए थे।परिवार के सदस्यों का कहना है कि इन्हीं कारणों से तनावग्रस्त होकर जितेंद्र ने बीती रात्रि को अपने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।। बताया जाता है घटना की आज सुबह परिवार वालों को जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी । वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जितेंद्र अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गया है। घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।












