आगरा अलीगढ रोड स्थित न्यू बिजलीघर कॉलोनी में देर शाम आपसी विवाद के चलते नामजदों नेे एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुरूवार को मिली जानकारी के अनुसार बिजलीघर कॉलोनी निवासी विमल कुमार पुत्र रवि कुमार मोमोज की ढकेल लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बताते हैं कि यहीं के रहनेे वाले नामजदों ने पुरानी रंजिश को लेकर विमल को घेर लिया और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू लगने से विमल बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पडा। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, अचानक मची चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर नामजद हमलावर वहां से फरार हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल विमल को तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और चिकित्सक उसका उपचार कर रहे हैं। वहीं प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि घटना की तहरीर अभी प्राप्त नही हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की छानबीन कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












