दहेज की मांग न पूरी होने पर विवाहिता को जिंदा जलाया

विवाहिता गंभीर रूप से झुलसकर हुई घायल:पति समेत पांच ससुरलीजनो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव गिनौली किशनपुर में दहेजलोभियों ने दहेज की मांग न पूरी होने पर एक विवाहिता को जिंदा जला दिया। जिससे विवाहिता गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो गई। पीड़िता विवाहिता के पिता ने कोतवाली में पति समेत पांच ससुरालीजनो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जनपद अलीगढ़ के थाना बरला क्षेत्र के गांव अलहदादपुर निवासी भूवेंद्र कुमार पुत्र अंबादत्त ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उन्होंने अपनी पुत्री पूनम की शादी 13 जून 2024 को क्षेत्र के गांव गिनौली किशनपुर निवासी लोकेश पुत्र दाऊदयाल के साथ शादी की थी।
उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर करीब 12 लाख रुपये, सोने-चांदी के जेवर, घरेलू सामान और एक मोटरसाइकिल दहेज में दी थी।
आरोप है कि ससुरालीजन दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और अतिरिक्त दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग न पूरी होने पर ससुरालीजन पूनम के साथ शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न करने लगे। मायके पक्ष ने कई बार समझाने का प्रयास किया और गांव में पंचायत भी हुई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। गत 12 फरवरी की रात्रि को ससुरालीजनो ने पूनम पर तेल डालकर आग लगा दी। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस कर घायल हो गई। घटना की सूचना 13 फरवरी को मायके पक्ष को मिली। परिजन तुरंत अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां पूनम बेहोशी की हालत में मिली। 14 फरवरी को उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। पूनम लगभग 40 दिनों से अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज अभी भी जारी है। रिपोर्ट में पति लोकेश ,सास रज्जो देवी , जेठ प्रवेंद्र, ननद संगीता एवं साधना को नामजद किया गया है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment