
हाथरस।शासन के आदेश एवं जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में त्यौहार नवरात्रि के दृष्टिगत आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जाने हेतु मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध खाद्य विभाग द्वारा जिले भर में सघन चेकिंग एवं छापामार कार्यवाही किए जाने से मिलावटखोरी का कार्य करने वालों में खलबली मची हुई है।
खाद्य विभाग द्वारा जिले भर में चलाए जा रहे चेकिंग एवं छापामार अभियान के तहत आज खाद्य टीम द्वारा विशेष अभियान सहायक आयुक्त खाद्य रणधीर सिंह एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व और निर्देशन में लगातार चलाया जा रहा है। खाद्य टीम द्वारा शहर में सासनी गेट स्थित अग्रवाल प्रोविजन स्टोर, गोविंद किराना स्टोर, पथरिया ट्रेडर्स, प्रशांत ट्रेडर्स, राहुल प्रोविजन एंड जनरल स्टोर को चेक किया गया। निरीक्षण में प्रतिष्ठान में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई। अग्रवाल प्रोविजन स्टोर से व्रत में प्रयोग होने वाले समा के चावल का नमूना जांच हेतु लिया गया।गोविंद किराना स्टोर से अजंता ब्रांड खाद्य रंग का सर्वे नमूना जांच हेतु लिया गया। सासनी तहसील अंतर्गत विजाहरी रोड सासनी स्थित सलीम डेरी से घी और पनीर के सर्वे नमूने जांच हेतु लिए गए। सभी नमूने खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। अग्रिम कार्यवाही रिपोर्ट प्राप्ति के बाद की जाएगी।
टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पारुल सिंह, करतार सिंह और ओमकार कुशवाहा शामिल थे तथा खाद्य विभाग टीम का कहना है कि मिलावटखोरी को लेकर खाद्य टीम का निरीक्षण एवं छापामार कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।












