आरएसपी अध्यक्ष का धरना जारी: फर्जी आॅडियो का आरोप: दी तहरीर

हाथरस-21 फरवरी। यूजीसी बिल और एससी/एसटी एक्ट के विरोध में राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के अध्यक्ष पंकज धवरैय्या का धरना आज भी अपने घर के बाहर कंचन नगर में जारी है। वही उनसे मिलने के लिए उनके तमाम समर्थक व शुभचिंतक पहुंच रहे हैं और उन्हें अपना समर्थन दे रहे हैं तथा उन्होंने वायरल ऑडियो को लेकर साजिश रचने का आरोप लगाया है। ऑडियो मामले को लेकर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है।
धरना दे रहे राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज धवरैय्या ने आरोप लगाया है कि उन्हें धरने से हटाने के लिए साजिशें रची जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी साजिश के तहत एक फर्जी एडिटेड ऑडियो वायरल किया जा रहा है। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर पंकज धवरैय्या को अपने संगठन के एक पदाधिकारी से यह बात करते हुए सुनाया जा रहा है कि वह सरकारी गनर और सुरक्षा प्राप्त करने के लिए धरना दे रहे हैं। करीब 6 मिनट के इस ऑडियो में अन्य कई अनर्गल बातें भी शामिल हैं। धवरैय्या ने कहा है कि उनकी उस पदाधिकारी से इतनी लंबी बातचीत कभी नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब से उन्होंने धरना शुरू किया है, भाजपा और प्रशासन उन्हें हटाने का प्रयास कर रहा है लेकिन उनका धरना जारी रहेगा। राष्ट्रीय सवर्ण परिषद अध्यक्ष पंकज धवरैय्या के अनुसार, उन्हें इस विरोध प्रदर्शन के लिए सवर्ण समाज और अन्य लोगों का समर्थन मिल रहा है। आज भी काफी लोग उनसे मिलने धरना स्थल पर पहुंचे हैं। उनकी सख्त निगरानी की जा रही है और खुफिया तंत्र भी सक्रिय है। उक्त ऑडियो मामले को लेकर राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के आईटी सेल प्रभारी गौरव उपाध्याय द्वारा पुलिस को तहरीर दी गई है, जिसमें उन्होंने कहा है कि फर्जी एडिटेड ऑडियो वायरल कर राष्ट्रीय सवर्ण परिषद को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है तथा उनकी इतनी लंबी बातचीत राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज धबरैय्या से नहीं हुई है और इस ऑडियो के द्वारा उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। ऑडियो वायरल करने वाले व्यक्ति पर उन्होंने कार्यवाही की मांग की है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment