विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला: मची सनसनी

मायके पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग न पूरी होने पर लगाया हत्या का आरोप

सिकंद्राराऊ-19 फरवरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव बाजिदपुर में गुरुवार को एक 25 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। जिससे गांव में सनसनी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। घटना की सूचना पाकर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान घटना को अंजाम देकर ससुरालीजन भाग जाने में सफल रहे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई और पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव बाजिदपुर निवासी गुड्डू के साथ क्षेत्र के गांव जिरौली खुर्द निवासी 25 वर्षीय ललिता पुत्री तोताराम की शादी हुई थी। गुड्डू सूरत की एक गद्दा फैक्ट्री में कार्य करता था। लेकिन कुछ समय पूर्व वह गांव में ही रहने लगा था। शादी के बाद ललिता ने एक बच्चे को भी जन्म दिया। गुरुवार की सुबह ललिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला और घटना को अंजाम देकर ससुरालीजन फरार हो गए। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोगों में कोहराम मच गया। मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतका ललिता के पिता ने आरोप लगाते हुए बताया कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी का उत्पीड़न करते थे। उन्होंने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने के कारण ससुरालीजनों ने उसकी फांसी लगाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मौके में पहुंचकर मृतका के शव को फांसी के फंदे से उतरवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment