
हाथरस-19 फरवरी। थाना हाथरस जंक्शन पुलिस द्वारा थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम अखईपुर मे एक व्यक्ति की हत्या की घटना करने वाले 2 आरोपियों गिरफ्तार किया गया है और उनकी निशादेही से दो सरिया (आलाकत्ल) बरामद की हैं।थाना पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए अब तक कुल 5 हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक गत 2 फरवरी को धर्मेन्द्र कुमार पुत्र शीलेन्द्र पाल निवासी ग्राम अखईपुर द्वारा तहरीर के माध्यम से थाना हाथरस जंक्शन पर सूचना दी कि 2 फरवरी को 6रू45 बजे रात्रि में मेरा बेटा संजय उर्फ सन्जू गाँव में भूपेन्द्र की चक्की से आटा लेने जा रहा था। रास्ते में सौरव के घर के सामने गाँव के ही नामजदों द्वारा लाठी, सरिया व तमन्चा से जान से मारने की नियत से प्रहार किया। जिससे मेरे बेटे के शरीर व सिर मे काफी गंभीर चोटे आई है। उक्त सूचना के आधार पर थाना हाथरस जंक्शन पर सुसंगत धाराओं मे अभियोग पंजीकृत किया गया । घायल संजय को उपचार हेतु बागला जिला अस्पताल भेजा गया । जहां से चिकित्सकों द्वारा घायल को बेहतर उपचार हेतु हायर सेन्टर रेफर किया गया। उपचार के दौरान घायल संजय की वरूण हॉस्पीटल अलीगढ मे मृत्यु हो गयी।
पुलिस अधीक्षक द्वारा उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए घटना करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सिकन्द्राराऊ के नेतृत्व में थाना हाथरस जंक्शन की कुल 4 टीमों का गठन कर थाना प्रभारी हाथरस जंक्शन को गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया था। जिसके क्रम मे थाना हाथरस जंक्शन पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए 5 फरवरी को 2 आरोपियों को तथा 10 फरवरी को 1 आरोपी सोमदत्त उर्फ राजू शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु थाना हाथरस जंक्शन पुलिस द्वारा सार्थक प्रयास किये जा रहे थे, जिसके क्रम में आज थाना हाथरस जंक्शन पुलिस द्वारा नामजद आरोपीगण शिवम उर्फ शिब्बू पुत्र सोमदत्त उर्फ राजू पुत्र पूरनचन्द्र व गोविन्द पुत्र पूरनचन्द्र निवासीगण ग्राम अखईपुर को ग्राम दरियापुर रेलवे ओवर व्रिज ढलान सासनी रोड से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त दो सरिया बरामद की है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष ललित कुमार शर्मा मय टीम शामिल थे।












