राजेन्द्र लोहिया विद्या मंदिर में हुआ भावनात्मक एवं यादगार विदाई समारोह


हाथरस-4 फरवरी। अलीगढ़ रोड स्थित राजेन्द्र लोहिया विद्या मंदिर के विद्यालय प्रांगण में विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंधक कपिल लोहिया थे।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कपिल भाटिया एवं कोषाध्यक्षा मधु लोहिया भी उपस्थित थीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियाँ दी गईं। विशेष रूप से प्रस्तुत दो हास्यपूर्ण नाटकों ने सभी का भरपूर मनोरंजन किया। प्रथम नाटक में राजा एवं उसके दरबारी पात्रों के माध्यम से व्यंग्यात्मक दृश्य प्रस्तुत किए गए। जबकि द्वितीय नाटक में शिक्षक व छात्र जीवन से जुड़े प्रसंगों को सौहार्दपूर्ण हँसी मजाक के साथ मंचित किया गया। सभागार तालियों की गूंज से भर उठा।
समारोह का मुख्य आकर्षण मि. फेयरवेल एवं मिस फेयरवेल प्रतियोगिता रही। जिसका आयोजन तीन चरणों रैम्प वॉक, प्रतिभा प्रदर्शन तथा विद्यालय प्रबंधन द्वारा पूछे गए प्रश्नों के माध्यम से किया गया। प्रतियोगिता में मिस ईवनिंग अक्षिता शर्मा, मिस्टर इवनिंग विनायक वर्मा, मिस केरो फेट दीक्षा पाठक, मिस्टर केरो फेट काव्या वाष्र्णेय, मिस आरएलवीएम खुशी सिंह व मिस्टर आरएलवीएम निहाल सिंह को विभिन्न उपाधियों से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य कपिल भाटिया ने विद्यार्थियों को जीवन में कभी हार न मानने एंव लक्ष्य प्राप्ति तक बिना रुके, बिना पीछे हटे, निरंतर परिश्रम करते रहने की सीख दी। उन्होंने अपने विचार शायराना अंदाज में प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को आत्मविश्वास और संघर्ष की राह पर आगे बढ़ने के लिए भावनात्मक रूप से प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक कपिल लोहिया ने विद्यार्थियों को उपहार भेंट कर स्नेह पूर्वक विदा किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का समापन आभार ज्ञापन के साथ हुआ। यह विदाई समारोह विद्यार्थियों के लिए स्मरणीय प्रेरणादायक एवं भावनाओं से भरपूर बन गया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment