
मुरसान। कस्बा में रेलवे फाटक संख्या 324-सी के पास बीती रात्रि को एक बड़ा रेल हादसा होने से टल गया। प्रयागराज से भूसी लेकर कोसी (मथुरा) जा रहा एक तेज रफ्तार कन्टेनर ट्रक चालक को नींद आने से कन्टेनर अनियंत्रित हो गया और रेलवे की सुरक्षा दीवार व रेलिंग को तोड़ते हुए रेलवे ट्रैक के बेहद करीब पहुंच गया। जिससे भारी हड़कंप मच गया।
बताया जाता है ट्रक चालक रविंद्र निवासी नगला टीका ने बताया कि मुरसान क्षेत्र में पहुंचते ही उसे नींद आ गई, जिससे वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया। गनीमत रही कि ट्रक रेलवे ट्रैक पर नहीं पहुंचा, अन्यथा बड़ा रेल हादसा हो सकता था।घटना के बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई और चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रक कुछ मीटर और आगे बढ़ जाता, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। वहीं, आसपास की झुग्गियों में रहने वाले परिवारों ने प्रशासन से सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।












