
सिकंदराराऊ । एन एच 34 के अलीगढ़ रोड स्थित गांव महामई सलावतनगर के पास सर्विस रोड बाइक खड़ी कर फोन पर बात करना एक युवक को भारी पड़ गया। इस दौरान चोरों ने मौका पाकर युवक की बाइक पार कर दी। पीड़ित ने कोतवाली में अज्ञात बाइक चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जनपद कासगंज के थाना सहावर क्षेत्र के गांव मोहनपुर टाउन निवासी
औसत कुमार उर्फ टिंकू पुत्र सोनेलाल ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह 9 जून की रात्रि को जनपद अलीगढ़ के पनैठी से बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था । रात्रि 10 बजे करीब उसने अपनी बाइक को गांव महामई सलावतनगर के निकट सर्विस रोड पर खड़ी कर दी और कुछ दूर जाकर टहलने चला गया और मोबाइल पर बात करने लगा। इस दौरान मौका पाकर अज्ञात बाइक चोर उसकी बाइक को चोरी कर ले गए। पीड़ित ने अपनी बाइक को काफी तलाश किया । किंतु उसका कोई सुराग नहीं लगा। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस बाइक चोरों की तलाश में जुट गई है।











