बाइकों की भिड़न्त में बस चालक की मौत: दो परीक्षार्थी घायल

सादाबाद। कोतवाली क्षेत्र के मथुरा रोड़ पर बीती रात्रि को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक निजी बस चालक की मौत हो गई, जबकि पुलिस भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों सवार सड़क पर गिर पड़े। घटना की खबर से मौके पर क्षेत्रीय लोगों व राहगीरों की भारी भीड़ लग गई तथा सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
बताया जाता है कोतवाली क्षेत्र के मथुरा रोड पर मदर्स टच इंटरनेशनल स्कूल के पास बीती रात्रि को दो बाइकों की आमने-सामने से हुई भीषण भिड़न्त में जहां एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए तथा मृतक की पहचान ग्राम गुमानी गढ़ी निवासी 35 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र बाबूलाल के रूप में हुई है, जो कि एक निजी बस का चालक था। बताया जाता है मृतक चालक बस स्टैंड पर वाहन खड़ा करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान दूसरी मोटरसाइकिल से उसकी सीधी टक्कर हो गई।
बताया जाता है हादसे में दूसरी बाइक पर सवार नगला चौधरी निवासी दीपक और नौहझील मथुरा क्षेत्र के गढ़ी उदया निवासी सचिन सवार थे। दोनों युवक पुलिस भर्ती परीक्षा देकर घर लौट रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मनोज कुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दीपक और सचिन को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment