
सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला नकटपुरा निवासी एक महिला ने कोतवाली में दी गई तहरीर में अपने पारिवारिक लोगों पर घरेलू रंजिश के चलते घर में घुसकर जेवरात ,सामान चुराने, आगजनी कर घरेलू सामान तथा बाइक नष्ट करने का आरोप लगाया है । पीड़िता महिला का कहना है कि तहरीर देने के बावजूद पुलिस उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही।
गांव नगला नकटपुरा निवासी पिंकी पत्नी शिवकुमार ने दी तहरीर में कहा है कि उसके परिवार के चार नामजद उसके परिवार से घरेलू रंजिश मानते हैं तथा उनकी सास भगवान देवी, ससुर पदम सिंह को गाली गलौज करते रहते हैं। 21मई की सुबह 9 बजे करीब वह घर से ताला लगाकर खेत पर काम कर रही थी, तभी यह सभी लोग ताला तोड़कर के घर में घुस गए तथा जेवर ,सामान चुरा लिया और घर में आग लगा दी । इनके द्वारा लगाई गई आग से घरेलू सामान व बाइक जलकर खाक हो गई। इससे पहले भी यह लोग लड़ाई करते रहे हैं।महिला का आरोप है कि तहरीर देने के बाद भी पुलिस द्वारा रिपोर्ट न करना तथा आरोपियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई न होने से इन लोगों के हौसले बुलंद हैं। कोतवाल शिवकुमार शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है । जांच उपरांत उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












