
हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी में एक अविवाहित युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई तथा पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।।
बताते हैं कोतवाली सदर क्षेत्र के काशीराम कॉलोनी निवासी करीब 38 वर्षीय रवि कुमार पुत्र गुलाब सिंह मजदूरी करता था। परिजनों ने बताया कि रवि अविवाहित था और अपनी बहन के साथ रहता था। उसके माता-पिता का निधन कई साल पहले हो चुका था और रवि मजदूरी करके अपना जीवन यापन करता था।परिजनों ने आरोप लगाया है कि 11 तारीख को कुछ लोगों ने रवि को शराब पिलाकर उसके साथ मारपीट की थी। इस घटना के बाद से उसकी तबीयत खराब चल रही थी और उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था।।
परिजनों का आरोप है कि गुरुवार को रवि परिजनों के साथ जिला अस्पताल से दवा लेकर घर लौटा था, लेकिन उसी शाम लगभग 7 बजे उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।












