
कस्बे में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक सड़क दुर्घटना के बाद अस्पताल पहुंचे दो पक्ष आपस में भिड़ गए। जिससे अस्पताल जंग का मैदान बन गया। यहां दोनों पक्षों में जमकर लात घूंसे चले और उठापटक हुई। सूचना पाकर जब पुलिस अस्पताल पहुंची तो जंग-ए-मैदान के बांकुरे भाग जाने में कामयाब हो गये। इसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, पुलिस वीडियो के माध्यम से झगडा करने वाले लोगों को तलाश कर रही है।
शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार घटना की शुरुआत गांव नया नगला के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। घटना में गोपाल नगर की रहने वाली राधा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए सासनी सीएचसी में भर्ती कराया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जब डॉक्टरों ने घायल महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर किया, तभी ट्रैक्टर चालक वहां समझौता करने या बातचीत के इरादे से पहुंच गया। अस्पताल परिसर में बातचीत के दौरान अचानक माहौल गरमा गया और दोनों पक्षों के पहले तो जमकर मुंहवाद और गाली-गलौज का सिलसिला चला, और थोडी ही देर में गिरेवान पकडकर मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से लात घूंसे चलने लगे। इससे अस्पताल में मौजूद मरीजों और मौजूद बीमारों के तीमारदारों में खलबली के साथ भगदड़ मच गई। जानकारी होने पर सीएचसी प्रभारी पंकज कुमार ने तत्काल इस घटना की सूचना सासनी कोतवाली पुलिस को दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही झगड़ा कर रहे लोग मौके से भाग गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर सरेआम कानून हाथ में लेते नजर आ रहे हैं। वहीं कोतवाली प्रभारी श्रीमती विपिन चैधरी ने बताया कि वायरल वीडियो की मदद से आरोपियों की झगडा करने वालों की पहचान की जा रही है। शीघ्र ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।












