
हाथरस शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने ई-रिक्शाओं का सत्यापन अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत, ई-रिक्शाओं पर चालक का नाम, मोबाइल नंबर, वाहन नंबर और रूट नंबर अंकित किए जा रहे हैं। उक्त अभियान पुलिस कप्तान चिरंजीव नाथ सिंहा के निर्देशन में चलाया जा रहा है। यातायात पुलिस के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यदि किसी यात्री का सामान जैसे बैग या मोबाइल ई-रिक्शा में छूट जाता है, तो वाहन की पहचान कर उसे आसानी से वापस दिलाया जा सकेगा। इससे शहर में अव्यवस्थित ढंग से चल रहे ई-रिक्शाओं पर भी नियंत्रण स्थापित होगा। यातायात प्रभारी निरीक्षक अनूप यादव ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी है। तालाब चैराहे पर आज विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग 50 ई-रिक्शाओं पर चालक का नाम, मोबाइल नंबर, रूट नंबर और वाहन नंबर लिखवाए गए।टीएसआई अनूप यादव ने बताया कि इस नई व्यवस्था से शहर में जाम की समस्या कम होगी और यातायात का संचालन अधिक व्यवस्थित हो सकेगा। अभियान के दौरान कई वाहन चालकों में हलचल देखी गई।












