
सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला हरिया में पुरानी रंजिश को लेकर नामजदों ने चाचा भतीजे को मारपीट कर घायल कर दिया। घायल युवक के भाई ने कोतवाली में चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव नगला हरिया निवासी रिंकू कुमार पुत्र वाकल सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 5 मई को गांव में धुव्र जी की नातिनी की बारात आई थी। रात्रि दस बजे दावत के दौरान गांव के ही हरवेंद्र ने रिंकू के भाई अवधेश को फोन कर बुलाया। वहां हरवेंद्र पुत्र कायम सिंह, अजीत कुमार ,कुलदीप कुमार पुत्रगण सतीश चंद्र निवासीगण नगला हरिया और सोनू पुत्र सत्यप्रकाश निवासी गांव नगला नौकस ने अवधेश के साथ मारपीट कर दी । पीड़ित अपने भाई अवधेश को बचाकर घर ले आया था। वहां से आने के बाद रात्रि 11 बजे उक्त आरोपी लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंच गए। उन्होंने अवधेश और आयुष पुत्र रिंकू पर हमला कर दिया। जिससे वह भी घायल हो गए। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।












