
सिकंदराराऊ । कस्बा के मोहल्ला नगला शीशगर स्थित संविलियन विद्यालय में बुधवार को मध्यान्ह भोजन योजना (MDM) के तहत वितरित किए जा रहे खाद्य पदार्थों का औचक निरीक्षण किया गया। उपजिलाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और मानकों की जांच की।
बुधवार को संविलियन विद्यालय नगला शीशगर में बच्चों को मध्यान्ह भोजन योजना (MDM) के अंतर्गत वितरित किए जा रहे खाद्य पदार्थों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान बच्चों को दिए जा रहे मीठा मिश्रित दूध की गुणवत्ता पर टीम को संदेह उत्पन्न हुआ। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दूध का नमूना जांच के लिए संग्रहित कर लिया ।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विद्यालय में मीठा मिश्रित दूध की आपूर्ति ग्रामीण महिला विकास लोक कल्याण संस्थान, गढ़ी बुद्ध खां, रेलवे रोड सिकंदराराऊ द्वारा की जा रही है। इस संस्था का पंजीकृत कार्यालय गाजियाबाद के गोविंद नगर में स्थित है। संग्रहित नमूने को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस औचक निरीक्षण से क्षेत्र के विद्यालयों में एमडीएम की गुणवत्ता को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।












